सुल्तानपुर। वार्ड नंबर 19 की जिला पंचायत सदस्य निकलेश सरोज कादीपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी होंगी। बृहस्पतिवार को जारी पहली सूची में कांग्रेस ने उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इस सीट पर अभी अन्य राजनीतिक दलों ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
जिले में सुल्तानपुर, सदर, लंभुआ, इसौली और कादीपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। इनमें कादीपुर सुरक्षित सीट है। कादीपुर सुरक्षित सीट पर कांग्रेस ने निकलेश सरोज को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। बृहस्पतिवार को जारी कांग्रेस की सूची में उनके नाम पर मुहर लगाई गई है। धनपतगंज के ग्राम पंचायत विनगी निवासी राजाराम की पुत्री निकलेश सरोज वार्ड नंबर 19 से जिला पंचायत सदस्य हैं। पिता किसान व मां गृहिणी हैं। दो भाई हैं जो आजीविका के सिलसिले में लुधियाना में रहते हैं। निकलेश ने अपना राजनीतिक सफर बसपा से शुरू किया था। 15 जनवरी 2016 को वे बसपा में शामिल हुई थीं। 2021 में उन्होंने बसपा प्रत्याशी के रूप में वार्ड नंबर 19 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा और जीत कर जिला पंचायत पहुंचीं।
एमए, बीएड व एलएलबी पास निकलेश सरोज ने पॉलीटेक्निक मैनेजमेंट मार्केटिंग का कोर्स भी पूरा किया है। उनके नाम की घोषणा से कांग्रेसियों में उत्साह है। 1989 के बाद से इस सीट पर कांग्रेस एक अदद जीत को तरस रही है। 1989 में अंतिम बार जयराज गौतम यहां से विधायक निर्वाचित हुए थे। वर्तमान में राजेश गौतम इस सीट पर भाजपा से विधायक हैं। निकलेश ने बताया कि उन्होंने प्रियंका गांधी के नारे ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ के नारे से प्रेरित होकर बसपा छोड़ी थी।