सुल्तानपुर। हरिद्वार से लक्सर के बीच प्रस्तावित रेलपथ दोहरीकरण के कार्य को लेकर विभिन्न रूटों की कई ट्रेनों का संचालन निरस्त किया गया है। इसी क्रम में स्थानीय स्टेशन से होकर गुजरने वाली हावड़ा-हरिद्वार स्पेशल, कुंभ, उपासना समेत तीन जोड़ी ट्रेनों का संचालन 14 से 22 अक्तूबर के बीच विभिन्न तिथियों पर निरस्त रहेगा।
हरिद्वार-लक्सर स्टेशन के बीच रेल पथ दोहरीकरण का काम चल रहा है। इसके चलते स्थानीय स्टेशन से होकर गुजरने वाली माल्दाटाउन हरिद्वार स्पेशल अप ट्रेन का संचालन आरंभिक स्टेशन माल्दाटाउन से 14 अक्तूबर से 21 अक्तूबर के बीच निरस्त किया गया है।
वहीं हरिद्वार-माल्दाटाउन स्पेशल डाउन एक्सप्रेस का संचालन 15 व 22 अक्तूबर के बीच निरस्त किया गया है। हावड़ा से देहरादून तक जाने वाली उपासना अप एक्सप्रेस का संचालन 15 से 18 अक्तूबर के बीच आरंभिक स्टेशन से निरस्त किया गया है।
देहरादून से हावड़ा तक जाने वाली उपासना डाउन एक्सप्रेस 16 से 19 अक्तूबर के बीच आरंभिक स्टेशन देहरादून से निरस्त की गई है। हावड़ा से हरिद्वार तक जाने वाली कुंभ सुपर फास्ट अप एक्सप्रेस का संचालन आरंभिक स्टेशन हावड़ा से 16 से 21 अक्तूबर के बीच निरस्त किया गया है।
वहीं देहरादून से हावड़ा तक जाने वाली कुंभ सुपर फास्ट डाउन एक्सप्रेस का संचालन 17 से 22 अक्तूबर के बीच आरंभिक स्टेशन हरिद्वार से निरस्त किया गया। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि हरिद्वार से लक्सर के बीच रेलपथ दोहरीकरण कार्य को लेकर ट्रेनों का संचालन विभिन्न तिथियों पर निरस्त किया गया है।