स्थानीय तहसील से होकर गुजरने वाले जायस रजबहा की पटरी मंगलवार सुबह पंडरी गांव के पास अचानक टूट गई। नहर की पटरी कटने से जहां करीब 100 बीघे से अधिक धान की फसल जलमग्न हो गई है वहीं दो पुरवों के कई लोगों के घरों में भी पानी घुस गया है।
पटरी कटने व गांव में पानी घुसने की सूचना ग्रामीणों ने स्थानीय तहसील प्रशासन के साथ सिंचाई विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को दी। बावजूद इसके कोई जिम्मेदार गांव
नहीं पहुंचा।
तिलोई तहसील से निकलने वाला जायस रजबहा गौरीगंज तहसील क्षेत्र के कई गांवों से होकर गुजरता है। मंगलवार सुबह इस रजबहे की पटरी पंडरी गांव के पास अचानक टूट गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी तत्काल सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता के साथ ही एसडीएम गौरीगंज को दी।
सूचना देने के बाद ग्रामीण नहर की पटरी बांधने की कोशिश में जुट गए। सफलता नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी विधायक प्रतिनिधि उमेश प्रताप सिंह को देकर मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही उमेश सिंह जेसीबी लेकर गांव पहुंचे और अपनी देखरेख में नहर की पटरी को ठीक करवाया।