सुल्तानपुर। शहरवासी भी बिजली कटौती व फाल्ट की समस्या से जूझ रहे हैं। रविवार को भोर में केबल कटने से 20 घंटे बिजली गुल रही। मोहल्ले के लोग बूंद-बूंद पानी को तरस गए। पूरा दिन बिना नहाए और खाए बिताना पड़ा। देर रात नया केबल लगाकर आपूर्ति चालू की गई। उधर, गभड़िया मोहल्ले में सोमवार को ट्रांसफार्मर फुंकने से तीन घंटे लोगों को परेशान होना पड़ा।
शहर के शास्त्रीनगर मोहल्ले में रविवार भोर तीन बजे बिजली का केबल कट गया था। इससे शास्त्रीनगर और नवीपुर मोहल्ले की आपूर्ति ठप हो गई। उपभोक्ताओं ने केबल कटने की सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों दी थी। दिनभर करीब डेढ़ हजार की आबादी को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।
दोनों मोहल्लों में रात 11 बजे तक अंधेरा रहा। गर्मी भगाने के लिए लोग हाथ से पंखा झलते रहे। रविवार को बिना नहाए-खाए पूरा दिन लोगों को बिताना पड़ा। करीब 20 घंटे बाद नया केबल लगाकर विद्युत कर्मियों ने लाइन चालू कर दी। इसके अलावा सोमवार को गभड़िया मोहल्ले में ट्रांसफार्मर फुंकने से तीन घंटे और घरहां में केबल जलने से पांच घंटे आपूर्ति ठप रही।