सराफा व्यवसायी से हुई टप्पेबाजी को लेकर मंगलवार को व्यापारियों ने स्थानीय बाजार बंद कर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने बाजार से पैदल मार्च कर एसओ को घटना के खुलासे के लिए ज्ञापन दिया। पीड़ित व्यवसायी की मदद के लिए दुकानदारों ने चंदा एकत्र कर उसे 17 हजार रुपये की आर्थिक मदद की।
हलियापुर थाना क्षेत्र के हलियापुर चौराहे पर सराफा व्यवसायी अमरचंद्र कौशल पुत्र सत्य नारायण कौशल की दुकान है। सोमवार की दोपहर एक बाइक से दो युवक युवक अमरचंद्र की दुकान पर पहुंचे और फर्जी आईकार्ड दिखाते हुए खुद को सिपाही बताया था। दोनों युवकों ने सराफा व्यवसायी से सोने की चेन व पायल दिखाने को कहा।
व्यवसायी उन्हें सोने की चेन व पायल दिखाने के लिए अलमारी से जेवरात निकाल रहा था। तभी एक युवक जेवरात से भरा एक छोटा डिब्बा उठाकर भाग गया। मंगलवार को हलियापुुर उत्थान समिति के तत्वावधान में व्यापारियों ने हलियापुर बाजार बंद कर प्रदर्शन किया।
दोपहर बाद व्यापारी बाजार से पैदल मार्च निकालकर थाने पहुंचे और एसओ राजीव यादव को ज्ञापन दिया। व्यापारियों की मांग है कि पुलिस घटना का जल्द से जल्द खुलासा करे। इस मौके पर फूलचंद्र कौशल, बसंतलाल अग्रहरि, धनंजय सिंह, शिव कुमार ऱ्सिंह समेत करीब 150 व्यापारी मौजूद रहे।