कादीपुर के अनिरुद्ध नगर मोहल्ले में राहुल के बिलखते परिजन। -संवाद
कादीपुर (सुल्तानपुर)। कस्बे के अनिरुद्ध नगर मोहल्ला निवासी व्यवसायी राहुल शर्मा (24) का क्षत-विक्षत शव बुधवार रात करीब नौ बजे गोंडा जिले के नवाबगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास मिला। वह बुधवार सुबह लगभग पांच बजे घर से टहलने के लिए निकले थे। उनके पिता ने अपहरण और हत्या की आशंका जताई है।
राहुल कस्बे में कोल्डड्रिंक और कॉपी का व्यवसाय करते थे। बुधवार सुबह वह जूनियर हाईस्कूल मैदान में टहलने गए थे। उनके पिता त्रिभुवन शर्मा ने बताया कि सुबह 7:30 बजे बेटी नेहा ने भाई राहुल से फोन पर बात की थी। उस वक्त राहुल ने बताया था कि वह सरैया बाजार में हैं, कुछ देर में घर आ जाएंगे।
दोपहर करीब दो बजे उनके पास राहुल का फोन आया। राहुल ने बताया कि चार नकाबपोश बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया था। बदमाश उन्हें अयोध्या रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में फेंक कर भाग गए हैं। वह कुछ देर में ट्रेन से सुल्तानपुर आ जाएंगे और फिर कादीपुर के लिए गाड़ी पकड़ लेंगे।
पिता को संदेह हुआ तो उन्होंने बेटे की गुमशुदगी की सूचना कादीपुर पुलिस को दी। कोतवाली से उपनिरीक्षक पंकज राय को अयोध्या भेजा गया। मोबाइल की लोकेशन के जरिये बुधवार रात करीब नौ बजे पुलिस गोंडा जिले के नवाबगंज क्रॉसिंग के पास पहुंची जहां झाड़ियों में राहुल का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला।
गोंडा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कादीपुर के प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि मामला हत्या का है या फिर राहुल ने आत्महत्या की है।
20 अप्रैल को हुई थी राहुल की शादी
राहुल की शादी 20 अप्रैल को जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के लवायन गांव निवासी शेष कुमार शर्मा की पुत्री शिवानी के साथ हुई थी। राहुल की मौत से पिता त्रिभुवन, मां सावित्री देवी, बहन नेहा व पत्नी शिवानी का रो-रोकर बुरा हाल है।