दूबेपुर। धम्मौर के भाईं गांव में शनिवार भोर चने की फसल को बचाने खेत पहुंचे किसान धुमेश कन्नौजिया (50) की सांड़ के हमले में मौत हो गई। खेत में घुसे सांड़ को भगाने की कोशिश करते वह हमलावर हो गया और किसान को दौड़ाकर जमीन पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी जान चली गई। इस घटना से गांव में दहशत है।
भाईं गांव निवासी धुमेश कन्नौजिया के घर के सामने ही खेत में चने की फसल लगी है। शनिवार भोर चार बजे एक सांड़ खेत में घुसकर फसल चरने लगा। धुमेश उसे भगाने के लिए खेत की ओर पहुंचे। तभी सांड़ ने हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सांड़ ने किसान को दौड़ाकर गिरा दिया और कई बार पटक दिया। किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
धम्मौर पुलिस भी गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी रजत पांडेय ने बताया कि सांड़ को पकड़ने की कोशिश हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि छुट्टा पशुओं की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।