सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी रेल पथ के पखरौली स्टेशन के निकट मंगलवार की सुबह अप लाइन की रेल पटरी टूटी देखी गई। इसकी जानकारी ट्रैक मैन ने तत्काल रेलवे स्टेशन पर दी।
स्टेशन से कंट्रोल रूम की पटरी टूटने की सूचना देकर यहां से गुजरने वाली फरक्का, सियालदह, हावड़ा-अमृतसर, बेगमपुरा एक्सप्रेस समेत अन्य प्रमुख ट्रेनों को कॉशन पर लूप लाइन से गुजारा गया।
लखनऊ-वाराणसी रेल पथ पर मेन अप लाइन की पटरी टूटने से मंगलवार की सुबह पखरौली स्टेशन पर हड़कंप मच गया। सुबह करीब सात बजे ट्रैक मैन व अन्य कई लोगों ने पखरौली स्टेशन के पास अप लाइन की रेल पटरी टूटी देखी।
जांच में पता चला कि दक्षिणी साइड की अप लाइन की रेल पटरी टूट कर दरक गई है। इसके बाद ट्रैक मैन ने रेलवे स्टेशन अधीक्षक को मामले की जानकारी दी। वहां से कंट्रोल रूम को जानकारी देकर अप लाइन पर ब्लॉक लिया गया।
इस दौरान अप ट्रैक से रवाना होने वाली ट्रेनों को लूप लाइन से कॉशन पर धीमी गति से गुजारा गया। सूचना के बाद रेलवे कर्मी व इंजीनियर पीडब्ल्यूआई (परमानेंट वे इंस्पेक्टर) पहुंचकर रेलवे गेट संख्या 69 बी के पास से दूसरी रेल पटरी ले जाकर उसे बदलने की कवायद में जुट गए।
ट्रैक की मरम्मत का कार्य होने के चलते अप लाइन से गुजरने वाली फरक्का, सियालदह, हावड़ा-अमृतसर, बेगमपुरा एक्सप्रेस समेत अन्य प्रमुख ट्रेनों को कॉशन पर लूप लाइन से गुजारा गया।