चांदा। छापर से होकर गोमती नदी में जाने वाले नाले पर करीब एक करोड़ रुपये की लागत से पुल बनेगा। शासन से स्वीकृति मिलने व बजट आवंटित होने के बाद रविवार को लंभुआ भाजपा विधायक सीताराम वर्मा ने गांव पहुंचकर पुल की आधारशिला रखी। पुरोहित ने मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कराया।
विज्ञापन
गोमती नदी के नाले पर छापर गांव में गोशाला के बगल में पुल का निर्माण कराया जाएगा। इसके निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। अभी लोगों को आने-जाने के लिए करीब चार से पांच किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। पुल बनने से परिगड़ा, अहिरौला, गोपीनाथपुर और किन्दीपुर गांव के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। ग्रामीणों का समय और दूरी दोनों बचेगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रवींद्र सिंह ने बताया कि पुल का निर्माण इसी वित्तीय वर्ष में पूरा करा दिया जाएगा। इस मौके पर छापर ग्राम प्रशासक रवि निषाद, मनीष सिंह, महेंद्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।