करौंदीकला के कटघर खास गांव में मृतक छात्र के परिजनों को समझाते विधायक कादीपुर राजेश गौतम। स्रोत
करौंदीकला। शुकुलपुर के पास शुक्रवार दोपहर बेकाबू एसयूवी की टक्कर से कक्षा छह के छात्र प्रियांशु निषाद की मौत हो गई थी। शनिवार शाम पोस्टमॉर्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने चालक की गिरफ्तारी और आर्थिक मदद की मांग को लेकर अंतिम संस्कार इन्कार कर दिया।
घर पर शव करीब बाईस घंटे तक रखा रहा। रविवार शाम 4.30 बजे विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर परिजन माने। इसके बाद गांव में ही शव को दफनाया गया। मृतक के पिता संजय निषाद ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। कादीपुर विधायक राजेश गौतम और नायब तहसीलदार प्रदीप मिश्र कटघरखास गांव पहुंचे। परिजनों ने अधिकारियों को अपनी मांगों का मांग पत्र सौंपा। अधिकारियों ने वाहन चालक पर रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी दी।
परिजनों ने आजीविका के लिए कृषि योग्य भूमि का आवासीय पट्टा देने की मांग की। नायब तहसीलदार ने नियमानुसार हरसंभव मदद दिलाने का पूरा भरोसा दिया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए आखिरकार राजी हो गए। पुलिस ने पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की है।
ऑडियो वायरल, होगी जांच
छात्र की मौत से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में एक युवक वाहन से हुए हादसे की बात कह रहा है। ऑडियो में बातचीत करने वाले लोगों की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस इसकी प्रामाणिकता की जांच करने में जुटी है। करौंदीकला थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह ने वायरल ऑडियो की गहन जांच कराने की बात कही है। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।