करौंदीकला के अमरेमऊ गांव में मृतका के घर के बाहर लगी ग्रामीणों की भीड़।- स्रोत-ग्रामीण
करौंदीकला (सुल्तानपुर)। अमरेमऊ निवासी नीरज की पत्नी आकांक्षा (20) का शव रविवार सुबह घर के एक कमरे में साड़ी के फंदे से लटका देखा गया। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। हालांकि अभीतक मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुत्री की मौत का पता चलने के बाद मायके से पहुंचे मृतका के पिता ने ससुराली जनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
जौनपुर जिले के सरपतहा के चिलबिली निवासी सत्यवान ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री आकांक्षा का विवाह करीब छह माह पहले अमरेमऊ निवासी नीरज से किया था। उनका दामाद नीरज मिर्जापुर में गाड़ी रिकवरी का काम करता है।
आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ससुरालीजन उनकी पुत्री आकांक्षा को दहेज की मांग के लिए प्रताड़ित करते थे। उन्होंने दहेज के लिए पुत्री की हत्या का आरोप ससुरालीजनों पर लगाते हुए करौंदीकला थाने में तहरीर दी है। दूसरी ओर ससुराल पक्ष के लोगों ने आरोप को निराधार बताया है। उनके मुताबिक आकांक्षा ने शनिवार रात आत्महत्या की है। नीरज के पिता मुन्ना ने बताया कि शनिवार रात नीरज घर पर नहीं था। वह कहीं बाहर गया था। आकांक्षा अपने कमरे में अकेली थी।
रविवार को उसकी मौत का पता चलने के बाद नीरज घर लौटा। करौंदीकला थानाध्यक्ष ज्ञानेश दुबे ने बताया कि मृतका के पिता सत्यवान ने तहरीर दी है। जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।