सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा बुधवार से जिले में कड़े सुरक्षा इंतजामों और सख्त निगरानी के बीच शुरू हो रही है। नकल पर पूरी तरह नकेल कसने के लिए प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों को सुरक्षा घेरे में ले लिया है। 122 केंद्रों पर 76,694 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे और हर गतिविधि पर कैमरों की नजर रहेगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा को नकलविहीन व पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है और अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। एडीएम प्रशासन गौरव शुक्ला ने बताया कि जिले को पांच जोन और 13 सेक्टर में बांटकर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे, जिनकी निगरानी में प्रश्नपत्र खोले जाएंगे और परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तरपुस्तिकाएं सील कराई जाएंगी। परीक्षा केंद्रों पर तीन स्तर पर सीसीटीवी कैमरों से लाइव निगरानी होगी। वॉयस रिकॉर्डर युक्त कैमरे भी लगाए गए हैं। परीक्षार्थियों की चार स्तर पर जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा।
पहले दिन होगी हिंदी की परीक्षा
जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्यप्रकाश सिंह ने बताया कि जिले में हाईस्कूल के 40,122 और इंटरमीडिएट के 36,572 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पहले दिन दोनों कक्षाओं की हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी।केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। केवल ड्यूटी में लगे शिक्षक और अधिकारी ही पहचान पत्र के साथ केंद्र परिसर में प्रवेश कर सकेंगे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ अनिवार्य रूप से पहचान पत्र देकर ही परीक्षा केंद्र भेजें और परीक्षा केंद्र पर समय से पहले परीक्षार्थी पहुंचें,जिससे कोई असुविधा न हो।
परीक्षार्थियों इन वस्तुओं को रखें साथ
प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड)
आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र
पेन, पेंसिल व आवश्यक स्टेशनरी
इनसेट...
ये सामान बिल्कुल न ले जाएं
मोबाइल फोन
कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच या ब्लूटूथ
कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
76,694 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा