सुल्तानपुर। पति विधायक व पत्नी बनेंगी ब्लॉक प्रमुख। इसी तरह पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष तो पति क्षेत्र पंचायत प्रमुख बनेंगे। क्षेत्र पंचायत प्रमुख के चुनाव में प्रत्याशी बनने की लगी जोड़-तोड़ के बाद भाजपा ने बुधवार की शाम सूची जारी कर दी।
सूची जारी करते हुए भाजपा ने पार्टी के माननीयों से लेकर पदाधिकारियों तक को संतुष्ट करने की कोशिश की है। इसके बाद भी एकाध माननीय व पदाधिकारियों की इच्छा पूरी नहीं हो सकी। इसे लेकर पार्टी में अंदरखाने घमासान मचा है।
पार्टी कार्यालय पर बुधवार की शाम आयोजित एक कार्यक्रम में जिला प्रभारी शंकर गिरी की मौजूदगी में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा ने क्षेत्र पंचायत प्रमुख प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। सूची में अखंडनगर ब्लॉक से भाजपा कादीपुर विधायक राजेश गौतम की पत्नी करिश्मा गौतम को प्रत्याशी बनाया गया है। बल्दीराय से जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह के पति शिवकुमार सिंह को उतारा गया है।
सूची में सांसद, विधायक व पदाधिकारियों के करीबियों को भी क्षेत्र पंचायत प्रमुख के चुनाव में प्रत्याशी बनाकर उन्हें चुनाव लड़ने का मौका दिया गया है। हालांकि सूत्रों के मुताबिक एक विधायक की इच्छा पूरी नहीं हो सकी। उनके प्रस्तावित किसी प्रत्याशी को मौका नहीं मिल सका है।
इसके अतिरिक्त अन्य माननीयों को संतुष्ट करने की कोशिश की गई है। इसके बाद भी सूची जारी होने के बाद अब तक दावेदारी कर रहे लोग अंदरखाने विरोध में आ गए हैं। पार्टी के भीतर घमासान मचा है।
सूची जारी करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारी ने कहा कि भाजपा पर लोगों का विश्वास बढ़ा है। दोनों पदाधिकारियों ने सभी प्रत्याशियों की जीत की उम्मीद जताई है। इस मौके पर पार्टी के अन्य लोग भी मौजूद रहे।
अखंडनगर से करिश्मा गौतम, कूरेभार से रीना सिंह, कुड़वार से मनफूल सिंह, करौंदीकलां से विनोद कुमार गौतम, कादीपुर से दिलीप कुमार, जयसिंहपुर से राहुल चंद्रशेखर शुक्ल, दोस्तपुर से सुरेंद्र पाल, धनपतगंज से अमित मिश्र, प्रतापपुरकमैचा से सुषमा देवी, बल्दीराय से शिवकुमार सिंह, भदैंया से राजेंद्र प्रसाद वर्मा, मोतिगरपुर से चंद्र प्रताप सिंह, लंभुआ- ऊर्मिला सिंह व दूबेपुर से शहनूर फातिमा को प्रत्याशी घोषित किया गया है।