सुलतानपुर। जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाना हमारी प्राथमिकता है। जनता की ईमानदारी से सेवा करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी व दायित्व होता है। ये बातें पूर्व केंद्रीय मंत्री व सुल्तानपुर सांसद मेनका संजय गांधी ने बुधवार को लंभुआ विधानसभा क्षेत्र के नरायनपुर गांव में आयोजित सभा के दौरान कहीं। सांसद ने नरायनपुर के अलावा लंभुआ विधानसभा क्षेत्र के अन्य गांवों में भी आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका संजय गांधी ने बुधवार को लंभुआ विधानसभा क्षेत्र के गांवों का दौरा कर स्थानीय लोगों को अधिक से अधिक कोरोना वैक्सीनेशन के लिए जागरूक किया। शिवगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर उन्होंने कहा कि बिना टीकाकरण के हम कोरोना की तीसरी लहर का सामना करने में अक्षम साबित होंगे।
इसके बाद सांसद मेनका संजय गांधी ने बेलडाड़ी गांव में कहा कि पिछले तीन माह में सुल्तानपुर जिले में 10 हजार से अधिक जमीन संबंधी विवाद के मामलों का निस्तारण किया गया। भदैंया ब्लॉक के नरायनपुर एवं अलीपुर गांव में सांसद ने कहा कि जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाना व गांवों की खुशहाली हमारी प्राथमिकता है। यहां पर उन्होंने नवनिर्वाचित प्रधानों से कहा कि जनता की ईमानदारी से सेवा करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
लंभुआ विधानसभा क्षेत्र में बूथ अध्यक्ष पन्ना लाल यादव के निधन पर उनके घर मलाकदोष पट्टी जाकर सांसद ने परिवारीजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट की। इस मौके पर उनके साथ राजेश पांडेय, मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी, मंडल अध्यक्ष अनिल तिवारी, प्रदीप रावत, अरुण द्विवेदी व सुजीत सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।