बिरसिंहपुर का 100 बेड अस्पताल।
- फोटो : बिरसिंहपुर का 100 बेड अस्पताल।
सुल्तानपुर। जयसिंहपुर तहसील के बिरसिंहपुर स्थित 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय को जल्द ही बिजली संकट से राहत मिलने वाली है। अस्पताल के लिए स्वतंत्र फीडर की स्थापना को शासन ने मंजूरी देते हुए 5.65 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। फीडर बनने के बाद अस्पताल को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे मरीजों और चिकित्सकों दोनों को बड़ी राहत मिलेगी।
जिला मुख्यालय से करीब 33 किलोमीटर दूर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित इस अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं। यहां 50 से अधिक चिकित्साकर्मी तैनात हैं और ओपीडी, इमरजेंसी, अल्ट्रासाउंड सहित ऑपरेशन थिएटर जैसी सुविधाएं संचालित हैं। इसके बावजूद अब तक अस्पताल को ग्रामीण क्षेत्र के बिरसिंहपुर उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति मिलती रही है, जहां कटौती और फॉल्ट की समस्या बनी रहती है। इसका सीधा असर इलाज व्यवस्था पर पड़ता था। स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनशीलता को देखते हुए विभाग ने अस्पताल के लिए 33 केवी स्वतंत्र फीडर बनाने का निर्णय लिया है। कार्यदायी संस्था के रूप में आवास एवं विकास परिषद को नामित किया गया है, जिसे बजट जारी कर दिया गया है।
सीधे पारेषण उपकेंद्र से जुड़ेगा फीडर
अस्पताल के लिए बनने वाला स्वतंत्र फीडर गोसैसिंहपुर के 132 केवी पारेषण उपकेंद्र से सीधे जोड़ा जाएगा। इस लाइन से केवल अस्पताल को ही बिजली आपूर्ति दी जाएगी, जिससे ओवरलोडिंग और फॉल्ट की संभावना बेहद कम हो जाएगी। इससे अस्पताल में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
दो महीने में शुरू होने की उम्मीद
स्वतंत्र फीडर के लिए बजट जारी हो गया है। अस्पताल तक हाईटेंशन लाइन लाने में थोड़ा अड़चन आ रही है, फिर भी लगभग दो महीने में फीडर के शुरू हो जाने की उम्मीद है। -गिरीश कुमार पांडेय, सीएमएस, बिरसिंहपुर अस्पताल