दीवानी न्यायालय से बाइक रैली निकालते लोग।
सुल्तानपुर। दीवानी न्यायालय व राजस्व अदालतों में शनिवार को लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार के लिए शुक्रवार को पैरालीगल वालंटियरों व अधिवक्ताओं ने शहर में बाइक रैली निकाली। जिला जज सुनील कुमार ने मोबाइल वैन व बाइक रैली को दीवानी न्यायालय गेट से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि सस्ता, सुलभ न्याय लोगों को दिलाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।
जिसमें सुलह समझौते के जरिये लोग अपने मुकदमों का निस्तारण करवा सकते हैं। इसके लिए लोगों को अपने मुकदमों को अदालत में लाना होगा। बाइक रैली शहर में विभिन्न मार्गों से होते हुए दीवानी न्यायालय में आकर समाप्त हुई। झंडी दिखाने के समय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विजय कुमार गुप्ता, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, महासचिव दिनेश कुमार व अन्य लोग मौजूद रहे।