कादीपुर (सुल्तानपुर)। शनिवार देर रात कादीपुर-अखंडनगर मार्ग पर मलिकपुर नोनरा गांव के पास एक तेज रफ्तार पिकअप से बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। टक्कर के बाद पिकअप गड्ढे में पलट गई और चालक फरार हो गया। हादसे में मारे गए दोनों लोग आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं। वे बिना हेलमेट बाइक चला रहे थे।
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान शेरबहादुर सिंह (27) और विजय प्रकाश पांडेय (45) के रूप में हुई है। दोनों अखंडनगर थाना क्षेत्र के उडुरी पहाड़पुर गांव के निवासी थे। शनिवार रात लगभग 10:30 बजे दोनों किसी कार्य से बाइक से कादीपुर जा रहे थे। मलिकपुर नोनरा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उनकी बाइक से टकरा गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को सीएचसी कादीपुर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कादीपुर कोतवाल श्याम सुंदर ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर रखवाया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
दोनों परिवारों में कोहराम
मृतक शेरबहादुर सिंह दो भाइयों में छोटे थे। वह खेतीबाड़ी करते थे। उनकी पत्नी किरन और एक छोटी बेटी सदमे में हैं।विजय प्रकाश पांडेय के तीन बेटे और एक बेटी है। उनके दो भाई राजेश और उमाशंकर दिल्ली में रहते हैं। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
-
बाइक से गिरकर ट्रक चालक की मौत
मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। दोस्तपुर थाना क्षेत्र के उघड़पुर भटपुरा गांव निवासी लल्लन शर्मा (28) रविवार सुबह ढेमा बाजार जाते वक्त बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। गांव के पास एक दुकान के सामने अचानक बाइक फिसलने से उनके सिर में गहरी चोट लगी। परिजन उन्हें सीएचसी मोतिगरपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। लल्लन शर्मा सात भाइयों में चौथे नंबर पर थे और ट्रक चालक का काम करते थे। वह इस समय घर आए थे। उनके परिवार में माता हीरावती, पत्नी कोमल, चार वर्षीय बेटी नैना और तीन वर्षीय बेटा आयुष हैं। हादसे के बाद परिवार में चीख पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना दोस्तपुर पुलिस को दे दी गई है।