धम्मौर (सुल्तानपुर)। पूरे विजय देवलपुर गांव में हुई महिला की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। महिला की हत्या पति और ससुर ने गला घोंटकर की थी। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। पुलिस ने हत्या में शामिल पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र के रामबक्स पूरे चौहान (सकर का पुरवा) निवासी मान सिंह ने अपनी बेटी बीनू सिंह (30) की शादी वर्ष 2010 में धम्मौर थाना क्षेत्र के अमर बहादुर सिंह के बेटे सौरभ सिंह के साथ की थी। सौरभ पंजाब में नौकरी करता है और 28 अगस्त को परिवार के साथ गांव आया था।
गांव आने के बाद बीनू सिंह बच्चों के साथ मायके चली गई थी। एक हफ्ते पहले सौरभ सिंह ससुराल से बीनू की विदाई कराकर घर लाया था। पिछले रविवार की सुबह ससुरालीजनों ने मायके वालों को सूचना दी कि उनकी बेटी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है।
पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति सौरभ सिंह, सास सुषमा और ससुर अमर बहादुर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने बीनू सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराया था। रिपोर्ट में बीनू की मौत का कारण गला घोंटना पाया गया। इसका खुलासा होने पर एसओ रवि कुमार सिंह ने आरोपी पति सौरभ सिंह और ससुर अमर बहादुर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।