सुल्तानपुर। पुलिस थानों पर अब सुरक्षा के साथ मधुमक्खी पालन का कार्य भी होगा। पुलिस कर्मी मधुमक्खी का पालन करके उससे आमदनी अर्जित करेंगे। आमदनी से पुलिस परिवार के कल्याण कार्य होंगे। शनिवार को थाना दिवस के मौके पर कुड़वार थाने में डीएम की मौजूदगी में पुलिस अधीक्षक ने मधु मिशन कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि जिस थाने के आसपास फसलें आदि व भूमि होगी वहां मधुमिशन के तहत मधुमक्खी पालन कराया जाएगा। ऐसे थानों में 25 डिब्बा मधुमक्खी पालन का लक्ष्य रखा गया है। थानों पर मधुमक्खी पालन से होने वाली आमदनी से पुलिस परिवार के कल्याण कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने मधुमिशन कार्यक्रम बताते हुए कहा कि मधुमक्खी पालन से अच्छी आमदनी की जा सकती है। स्वरोजगार का यह अच्छा साधन है। डीएम रवीश गुप्ता की मौजूदगी में एसपी ने शनिवार को कुड़वार में 25 व धम्मौर थाने में 25 मधुमक्खी डिब्बे की स्थापना करके मिशन का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने एसपी के कार्य की सराहना करते हुए इसे नई पहल बताया। कहा कि कुटीर उद्योग के तौर पर इसे शुरू किया जा सकता है। एसपी ने युवकों को मधुमक्खी पालन के लिए आह्वान किया।