सुल्तानपुर। ब्लॉक प्रमुख करौंदीकलां के खिलाफ 36 क्षेत्र पंचायत सदस्यों की ओर से अविश्वास जताए जाने के मामले में बीडीसी के हस्ताक्षर का परीक्षण शुरू हो गया है। सीडीओ की ओर से डीएम को अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस देने वाले सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों के हस्ताक्षर का परीक्षण कराया जा रहा है। परीक्षण में दो तिहाई सदस्यों का हस्ताक्षर सही पाए जाने पर अगली कार्रवाई होगी।
कलेक्ट्रेट में मंगलवार को करौंदीकलां ब्लॉक के 36 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस पर सामूहिक हस्ताक्षर करते हुए ब्लॉक प्रमुख विनोद कुमार गौतम के प्रति अविश्वास जताया था। अधिवक्ता नरोत्तम शुक्ल के नेतृत्व में डीएम से मिले क्षेत्र पंचायत सदस्यों में सुमन, नरेंद्र कुमार, कुसुम देवी समेत अन्य ने ब्लॉक प्रमुख व उनके प्रतिनिधि सर्वेेश कुमार मिश्र पर भ्रष्टाचार समेत नियमित बैठक नहीं आयोजित करने का आरोप लगाया था।
इसके बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई। उसी दिन देर शाम ब्लॉक प्रमुख विनोद कुमार ने स्वयं को भाजपा का कर्मठ सिपाही बताते हुए एक विज्ञप्ति जारी की थी। इसमें अविश्वास प्रस्ताव पर हुए कई हस्ताक्षरों को फर्जी बताते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया था।
प्रकरण को देखते हुए डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने सीडीओ को हस्ताक्षर का परीक्षण कराने का निर्देश दिया था। इसके बाद सीडीओ अंकुर कौशिक ने परीक्षण शुरू करवा दिया है। उन्होंने बताया कि प्रस्ताव पर हुए हस्ताक्षरों में कई बीडीसी ने उसे फर्जी व पहले का बताया है। कहा कि दो तिहाई हस्ताक्षर सही मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।