सुल्तानपुर। बीबीए के छठे सेमेस्टर में वैल्यू एंड सर्विस टैक्स प्रश्नपत्र की जगह गुड्स एंड सर्विस टैक्स का पेपर मिलने पर छात्र भड़क उठे।
पाठ्यक्रम के बाहर के प्रश्नपत्र पर परीक्षार्थियों ने एग्जाम का बहिष्कार कर जिलाधिकारी आवास पर जाकर डीएम से मुलाकात की। डीएम ने डीआईओएस और एसडीएम की दो सदस्यीय जांच समिति से प्रकरण की जांच कराई।
कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान के फरीदीपुर स्थित प्रबंध संकाय में मंगलवार को बीबीए छठे सेमेस्टर की वैल्यू एडेड टैक्स एंड सर्विस टैक्स की परीक्षा निर्धारित थी।
तय समय पर जब परीक्षा शुरू हुई तो परीक्षार्थियों को गुड्स एंड सर्विस टैक्स विषय से संबंधित प्रश्नपत्र मिला। उसे देखते ही छात्र पाठ्यक्रम के बाहर का प्रश्नपत्र होने का मामला उठाते हुए भड़क उठे।
छात्रों ने परीक्षा का बहिष्कार किया और जिलाधिकारी आवास पहुंचकर डीएम सी. इंदुमती से मुलाकात की। जिलाधिकारी ने डीआईओएस नरेंद्र देव पांडेय व एसडीएम सदर रामजी लाल को मौके पर भेजकर जांच कराई।
जांच में यह सामने आया कि विश्वविद्यालय ने वैल्यू एडेड टैक्स एंड सर्विस टैक्स की जगह गुड्स एंड सर्विस टैक्स का प्रश्नपत्र भेजा है। महाविद्यालय की ओर से वैट विषय का फॉर्म भराया गया था और उसी की पढ़ाई भी कराई गई थी।
विश्वविद्यालय ने बगैर किसी सूचना के प्रश्नपत्र बदल दिया, जिसका खामियाजा परीक्षार्थियों को भुगतना पड़ा। डीआईओएस ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अभी भी वैल्यू एडेड टैक्स एंड सर्विस टैक्स ही शो कर रहा है। मामले की जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई है।
केएनआईपीएसएस के प्रबंध संकाय निदेशक डॉ. अनुपम अग्रवाल ने बताया कि डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की वेबसाइट व एडमिट कार्ड पर वैल्यू एडेड टैक्स एंड सर्विस टैक्स विषय अंकित है।
विश्वविद्यालय ने बगैर किसी सूचना के विषय परिवर्तित किया है। मामले की सूचना परीक्षा नियंत्रक व कुलपति को दी गई है। परीक्षा फिर से कराए जाने की मांग की जाएगी।