सुल्तानपुर। इस बार होली पर जिले की सभी बैंक शाखाओं में तीन दिन का अवकाश रहेगा। रविवार को सामान्य अवकाश के बाद सोमवार को होलिकादहन व मंगलवार को होली का अवकाश रहेगा।
इस बार होली का पर्व 10 मार्च मंगलवार को है। होलिकादहन नौ मार्च सोमवार को होगा। इसको लेकर सरकारी व गैर सरकारी प्रतिष्ठानों में रविवार से अवकाश शुरू हो रहा है। बैंकों में भी रविवार को सामान्य अवकाश रहेगा। सोमवार को होलिकादहन व मंगलवार को होली का अवकाश रहेगा।
रविवार से शुरू होने वाले तीन दिनों के अवकाश के चलते शनिवार को बैंक शाखाओं में सामान्य दिनों की अपेक्षा भीड़ देखी गई। लोग त्योहार मनाने के लिए धन की निकासी करते दिखे। एटीएम पर भी लोग पैसा निकालते नजर आए।
लीड बैंक मैनेजर आरपी अरोड़ा ने बताया कि होली के दूसरे दिन से प्रस्तावित हड़ताल निरस्त किए जाने की सूचना मिली है। रविवार से लगातार तीन दिन बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। बुधवार से बैंक शाखाओं का नियमित संचालन होगा।