होली के त्योहार पर तीन दिन तक लगातार बैंक बंद रहेंगे। बैंक शाखाओं में शनिवार से सोमवार तक तीन दिनों के अवकाश की घोषणा की गई है। इसको लेकर बृहस्पतिवार को बैंक शाखाओं में काम का दबाव अधिक रहा। बैंक अधिकारियों ने होली के त्योहार पर सभी खाताधारकों को भुगतान देने का दावा किया है।
इस बार होली पर तीन दिनों तक लगातार बैंक शाखाओं में अवकाश रहेगा। 11 मार्च को दूसरा शनिवार होने के नाते बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। 12 मार्च को रविवार का साप्ताहिक अवकाश रहेगा। 13 मार्च सोमवार को होली का पर्व होने की वजह से बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। होली के त्योहार के दो दिन पहले से बैंक शाखाओं में अवकाश की घोषणा को लेकर बैंक अधिकारियों ने अपनी ब्रांच में सभी खाताधारकों को भुगतान देने की व्यवस्था बनाई है।
बृहस्पतिवार को बैंक शाखाओं में काम-काज का दबाव रहा। तीन दिनों तक बैंक बंद होने से खाताधारकों के चेकों के क्लीयरेंस में बाधा आ सकती है। शुक्रवार को भी बैंक शाखाओं में कामकाज का बोझ अधिक होने की संभावना जताई जा रही है। होली के त्योहार का असर एटीएम पर पड़ने की उम्मीद है।
बैंकों के बंद होने के बाद धन निकासी के लिए एटीएम ही एकमात्र विकल्प होगा। जिले में विभिन्न बैंकों के 116 एटीएम स्थापित हैं। इनमें से अधिकांश एटीएम नोटबंदी के बाद कैशलेस ही रहे हैं। लीड बैंक मैनेजर एसपी श्रीवास्तव ने बताया की बैंक शाखाओं में तीन दिन का अवकाश घोषित किया गया है। एटीएम पर कैश की व्यवस्था के लिए एजेंसी से वार्ता चल रही है।