सुल्तानपुर। बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की पांडेबाबा शाखा का राउटर पिछले दिनों बिजली गिरने से जल गया। इस वजह से कंप्यूटरीकृत बैंक का सिस्टम पूरी तरह से फेल हो गया।
शाखा प्रबंधक विपिन कुमार को राउटर जलने की जानकारी हुई तो उन्होंने विभागीय उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को पांडेबाबा शाखा पर दिन भर लेनदेन नहीं हो सका। महीने के दूसरे शनिवार और रविवार को अवकाश रहा। इन दिनों में भी राउटर नहीं बन सका। सोमवार व मंगलवार को भी बैंक शाखा में पूरी तरह लेनदेन का ठप रहा। मंगलवार को बैंक में पहुंचे कई खाताधारकों की बैंक कर्मियों से नोकझोंक भी हुई। शाखा प्रबंधक विपिन कुमार ने बताया कि राउटर जलने से लेनदेन नहीं हो रहा है। अधिक जरूरतमंद खाताधारकों को दूसरी शाखाओं की मदद से थोड़ा बहुत भुगतान कराया जा रहा है। राउटर ठीक होने पर लेन-देन सुचारू रूप से हो सकेगा।