सुल्तानपुर। स्पेशल मजिस्ट्रेट एमपी-एमएलए योगेश कुमार यादव ने मंगलवार को इसौली के पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू के खिलाफ आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में कोर्ट में परिवाद दाखिल करने वाले पूर्व जिलाधिकारी संजय कुमार के खिलाफ समन जारी करते हुए उन्हें गवाही के लिए तलब किया है।
उन्होंने 10 अप्रैल 2007 को चंद्रभद्र सिंह सोनू के खिलाफ नामांकन के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में कोर्ट में परिवाद दर्ज कराया था। सरकारी वकील कालिका प्रसाद मिश्र ने बताया कि पूर्व डीएम का बयान मंगलवार को दर्ज किया जाना था, लेकिन वे कोर्ट में नहीं आए। मामले में अगली सुनवाई के लिए 20 अक्तूबर तिथि नियत की गई है।