लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित असरोगा के पास शनिवार दोपहर बाइक सवार बैंक कर्मी को तेज रफ्तार स्कार्पियों ने रौंद दिया। दुर्घटना में बैंक कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। स्कार्पियो का चालक वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। दुर्घटना के वक्त सौरभ सिंह हेलमेट पहने हुए थे।
लखनऊ जिले के बक्शी का तालाब क्षेत्र के गोहना खुर्द निवासी सौरभ सिंह चौहान (23) पुत्र सत्येंद्र सिंह चौहान सुल्तानपुर जिले के लंभुआ कस्बे में स्थित विजया बैंक में फील्ड अफसर थे। शनिवार दोपहर सौरभ बाइक से लखनऊ जा रहे थे।
रास्ते में कुड़वार थाना क्षेत्र के असरोगा गांव के पास तेज रफ्तार स्कार्पियों ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। दुर्घटना में सौरभ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद स्कार्पियों का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।