सुल्तानपुर। उच्च प्राथमिक स्कूलों में बच्चों के नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को बढ़ावा देने के लिए बैंड और बैंड यूनिफार्म की खरीद की जाएगी। प्रेरणादायी पहल के तहत पहले बड़े परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को बैंडबाजा दल से जोड़ा जा रहा है। इससे बच्चों में सामूहिकता के साथ टीम भावना पैदा होगी। जिससे वह आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकेंगें। जिले के 14 उच्च प्राथमिक विद्यालयों को इसके लिए चिह्नित किया गया है।
250 से अधिक छात्र छात्राओं वाले उच्च प्राथमिक विद्यालय में बैंडबाजा और बैंड यूनिफार्म की व्यवस्था की जा रही है। बैंड टीम में शामिल प्रति छात्र-छात्रा के लिए दो सेट यूनिफार्म खरीदी जाएगी। खरीद के लिए गठित कमेटी में प्रबंध समिति अध्यक्ष के अलावा दो जागरूक अभिभावक, खेल शिक्षक, अनुदेशक सदस्य रहेंगे। प्रधानाध्यापक इस दल के सदस्य सचिव रहेंगे।
बैंड खरीद के बाद इसके रखरखाव का निर्देश भी दिया गया है। बीएसए उपेंद्र गुप्ता ने बताया कि बच्चे इससे नवाचार का हिस्सा बनेंगे। एक बैंड टीम में 19 बच्चों को शामिल किया जाएगा, जो विद्यालयी कार्यक्रमों, राष्ट्रीय पर्वों और विशेष आयोजनों में अनुशासन के साथ अपनी प्रस्तुति देंगे। बैंड की खरीदारी के लिए 60 हजार व यूनिफार्म के लिए आठ हजार रुपये की धनराशि भी शासन से मिली है।