भदैंया (सुल्तानपुर)। दोमुंहा चौराहे के पास स्थित बेकरी की एक दुकान में सोमवार की रात अचानक आग लग गई। ग्रामीणों ने जब तक आग पर काबू पाया, तब तक उसमें रखा करीब ढाई लाख रुपये का सामान जल गया।
यह हादसा बेलासदा गांव निवासी शिवाकांत पाठक और राजू की दोमुंहा बाजार में नहर किनारे स्थित दुकान में हुआ। लॉकडाउन के कारण शिवाकांत सोमवार शाम को जल्दी दुकान बंद कर एक किलोमीटर दूर स्थित अपने घर चले गए। इसी बीच दुकान में आग लग गई।
रात करीब एक बजे चौराहे पर तैनात निजी चौकीदार ने दुकान से धुआं उठता देख पड़ोसी एके विश्वास को जगाया। सूचना पर दोनों भाई भागकर पहुंचे और जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक सामान जल गया। दुकानदार के अनुसार आग से करीब ढाई लाख रुपये का सामान जल गया।