लंभुआ। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर स्थानीय कोतवाली के पास मंगलवार शाम शहर से लौट रहा सवारियों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में ऑटो पर सवार चार यात्री जख्मी हुए हैं। सभी का उपचार स्थानीय सीएचसी में चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना शाम करीब पांच बजे हुई। शहर की ओर से आ रहा ऑटो स्थानीय कोतवाली पार करते ही अचानक सड़क पर एक बंदर के आ जाने से अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित होकर ऑटो बीएसएनएल के दूरभाष केंद्र के सामने खड़े एक वाहन से टकराकर पलट गया। दुर्घटना में ऑटो पर सवार सरैया गौतमपुर के कृष्ण कुमार (35), बेचू निवासी पूरेनथऊ भदैंया के प्रेम प्रकाश (55), उनकी पत्नी गीता (50), पुत्री एकता (17) रूप में हुई है। लंभुआ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)