सुल्तानपुर। भदैंया गांव में प्राथमिक विद्यालय की चारदीवारी का निर्माण करा रहे प्रधान के पुत्र पर शनिवार को गांव के ही कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमले में घायल युवक का पुलिस ने मेडिकल कराया है। पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
लंभुआ क्षेत्र के भदैंया गांव में प्रेमा देवी ग्राम प्रधान हैं। गांव का कामकाज उनका बेटा होरीलाल सोनकर देखता है। शनिवार को गांव के प्राथमिक विद्यालय की चारदीवारी का निर्माण शुरू हुआ। गांव के कुछ लोगों को निर्माण नागवार लगा। निर्माण रोकने के लिए गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंच कर दबाव बनाने लगे। प्रधान के पुत्र होरीलाल सोनकर ने इसका विरोध किया। इस पर नाराज लोगों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लात-घूसों से मारा-पीटा। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने बीच-बचाव किया। प्रधान पुत्र का कहना है कि निर्माण से पहले विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में लेखपाल ने इसकी पैमाइश कर चिह्नित किया था। प्रधान पुत्र ने तहरीर देकर धर्मेंद्र सिंह उर्फ शिवम सिंह, रविंद्र सिंह, राकेश सिंह, हरिशंकर सिंह, जितेंद्र सिंह उर्फ कुश, सूरत सिंह, जगन्नाथ सिंह व श्याम नारायण सिंह के खिलाफ केस दर्ज कराया है। एसएसआई दयाशंकर मिश्र ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।