सुल्तानपुर। एक आरोपी के घर दबिश देने पहुंची पुलिस टीम पर बृहस्पतिवार दोपहर को हमला कर दिया गया। लाठी-डंडे और पत्थर के हमले में दरोगा समेत तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए। घायलों को सीएचसी जयसिंहपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दरोगा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस टीम गोसाईंगंज क्षेत्र के बरुई निवासी राजा सिंह उर्फ साधू की तलाश में उसके घर गई थी। दो दिन पहले राजा सिंह ने गांव के ही प्रियांशु कोरी की पिटाई कर दी थी। उसके खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं के चार केस पहले से दर्ज हैं। आरोप है कि बृहस्पतिवार दोपहर दरोगा प्रशांत शर्मा व अन्य पुलिस कर्मी राजा सिंह को हिरासत में लेकर जैसे ही घर से निकले, उन पर पत्थरबाजी के साथ लाठी-डंडे से हमला कर दिया गया। हमले में महिलाओं और युवा भी शामिल थे। हमले में दरोगा प्रशांत शर्मा (31), सिपाही अनिकेत कौशल (25) और सिपाही सौरभ गिल (24) घायल हो गए। पुलिस ने जीप से भागकर जान बचाई।
हमले में घायल दरोगा समेत तीनों पुलिस कर्मियों को सीएचसी जयसिंहपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दरोगा प्रशांत शर्मा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बताया जा रहा है कि दबिश के दौरान हुई मारपीट का वीडियो राजा सिंह के परिवार के लोगों ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाला। दरोगा का कहना है कि दबिश देने के लिए उनके साथ सिपाही अनीश कटियार, भूपेंद्र सिंह, सौरभ गिल, अनिकेत कौशल, महिला आरक्षी आकांक्षा पटेल, सुमन चौहान और दो महिला होमगार्ड राधिका व विमला साथ गई थीं। हालांकि वायरल वीडियो में मारपीट के दौरान महिला आरक्षी नहीं दिखाई दे रही है। हमले में तीन पुलिस कर्मियों के घायल होने के बाद भी सीओ जयसिंहपुर कृष्णकांत सरोज दोपहर बाद तक घटना से अनजान थे। जबकि इसका वीडियो सोशल मीडिया पर घटना के बाद से ही वायरल हो रहा था।