लंभुआ (सुल्तानपुर)। गोपालरायपुर गांव में शुक्रवार रात दो पक्षों में हुई मारपीट में कई लोग चोटिल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।
गांव निवासी अरविंद कुमार के मुताबिक, रात लगभग 10 बजे गांव के प्रधान प्रतिनिधि प्रदीप जायसवाल के साथ उनके नलकूप पर बैठे थे। तभी गांव के चित्रसेन सिंह, अरविंद सिंह चौहान, जंगशेर सिंह, राज बहादुर, विजय बहादुर, दिनेश तिवारी उर्फ राजन, प्रवीण पाल लाठी-डंडा व धारदार हथियार लेकर आ गए। आरोपियों ने जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालियां दी। विरोध करने पर मारने लगे। बीचबचाव करने पर प्रदीप जायसवाल के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष के चित्रसेन सिंह, जंगशेर सिंह, विजय बहादुर ने आरोप लगाया है कि रात में गांव में स्थित तालाब की जेसीबी से खोदाई कराई जा रही थी। खोदाई का वीडियो बनाने पर प्रधान पुत्र सहित उनके समर्थक हमलावर हो गए। डंडे व तमंचे की बट से मारकर सभी घायल कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है।