सुल्तानपुर। चांदा के लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर चांदा स्थित नंदगांव में रविवार को हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बुंदेलखंड के लोक नृत्य कलाकारों ने विशेष प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में समा बांधा। बिरहा अकादमी के अध्यक्ष डॉ. मन्नू की ओर से प्रस्तुत श्रीकृष्ण की जुगलबंदी के लोकगीतों ने चार चांद लगा दिया।
गुलाबी गैंग की मुखिया संपत पाल ने कहा कि समाज को सशक्त बनाने एवं नई दिशा देने में उनकी अहम भूमिका है। महिलाओं को हर पहलू पर विचार कर परिवार व समाज को एक दिशा देने का काम करना चाहिए। बुंदेलखंड से आए कलाकारों ने बुंदेलखंडी लोक नृत्य राई की मनमोहक प्रस्तुति दी। दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में लखनऊ से आए जादूगर राकेश श्रीवास्तव ने जादू कला से लोगों का मनमोहा। नंदगांव की अध्यक्ष डॉ. पल्लवी कौशल ने कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को बढ़ैयावीर में नए युग में नारी की भूमिका विषय पर गोष्ठी हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी मधु कपूर ने की, संचालन डॉ. प्रीति प्रकाश ने किया।
मुख्य वक्ता डॉ. निशा सिंह ने महिलाओं की बदलती भूमिका और समाज में उनके बढ़ते योगदान पर चर्चा की। विशिष्ट अतिथि डॉ. संगीता श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्रों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी समाज को नई दिशा दे रही है। मुख्य अतिथि सुमन सिंह ने कहा कि महिला सशक्तीकरण केवल एक नारा नहीं बल्कि समाज की प्रगति का आधार है। इस मौके पर डॉ. एके सिंह, डॉ. जेपी सिंह, डॉ. अखंड प्रताप सिंह, डॉ. राजेंद्र कपूर, डॉ. सुभाष, डॉ. एपी अरोड़ा, विजय त्रिपाठी मौजूद रहे।
महिलाओं को आम के पौधों के बारे में बताया
कुड़वार/विंदेश्वरीगंज। कुड़वार के पास स्थित कृषि विज्ञान केंद्र बरासिन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित गोष्ठी में वैज्ञानिक डॉ. शशांक शेखर ने महिलाओं को आम प्रजाति आम्रपाली के पौधों को लगाने और देखरेख की जानकारी दी। चीफ मैनेजर मार्केटिंग एके शुक्ला व मार्केटिंग डेवलपमेंट ऑफिसर टीपी सिंह ने भी महिलाओं को अधिकारों व खेती के बारे में बताया। डॉ. गौरव पांडेय ने महिलाओं को पशुपालन और गाय की देखरेख करने की जानकारी दी। संचालन अवधेश तिवारी ने किया।
वहीं, बल्दीराय के देहली बाजार स्थित एक निजी कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के कार्यक्रम में नर्सिंग की छात्राओं ने लैंप लाइटिंग, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और महिला सुरक्षा से जुड़े नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद व एमएलसी हरिओम पांडेय व विशिष्ट अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भरत भूषण ने योजनाओं की जानकारी दी। कॉलेज के प्रबंध निदेशक विकास शुक्ल और प्राचार्या अंजू पांडेय ने अतिथियों का आभार जताया।