सुल्तानपुर। युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने व धर्म परिवर्तन कराने व अन्य आरोपों से जुड़े मामले में आरोपी आदर्शनगर पल्टू का पुरवा निवासी इरफान शेख को गिरफ्तार कर पुलिस ने मंगलवार को सीजेएम कोर्ट में पेश किया। सीजेएम नवनीत सिंह की अदालत ने आरोपी की रिमांड स्वीकार करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।
कोतवाली नगर के एक मोहल्ले में किराये के मकान में रहने वाली पीड़िता ने सोमवार को स्थानीय कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। पीड़िता के आरोप के मुताबिक आरोपी इरफान शेख ने लंबे समय से शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोप के मुताबिक आरोपी इरफान ने उसे गुमराह करते हुए उसका नाम व धर्म भी बदलवा दिया। बाद में आरोपी ने शादी करने से मना कर दिया। इस मामले में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई। विवेचक प्रदीप कुमार यादव ने आरोपों की पुष्टि होने पर उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। (संवाद)