कादीपुर। शादी तय होने के बाद कन्या पक्ष से लाखों रुपये व सामान लेने के बाद में विवाह से इन्कार करने के मामले में पुलिस ने वर पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कादीपुर के मालापुर जगदीशपुर गांव निवासी अशोक कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री का विवाह आजमगढ़ जिले के अहरौला के राम जी का पूरा निवासी रामशबद के पुत्र सत्येंद्र के साथ तय किया था। अशोक कुमार के अनुसार 10 मार्च 2023 को वरीक्षा कार्यक्रम में उन्होंने 2.50 लाख रुपये और करीब एक लाख रुपये का सामान दिया था।
इसके बाद 13 मार्च 2023 को वर पक्ष ने आभूषण देकर सगाई की रस्म पूरी की। सगाई के दौरान उन्होंने सत्येंद्र को सोने की अंगूठी भी दी थी। आरोप है कि कुछ समय बाद सत्येंद्र ने जमीन खरीदने का हवाला देकर उनसे 5.41 लाख रुपये और ले लिए। इसके बाद सत्येंद्र व उसके परिजनों ने शादी करने से इन्कार कर दिया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। विवाह तय कराने वाले मध्यस्थ ने सत्येंद्र के आयकर विभाग में कार्यरत होने की झूठी जानकारी दी थी। इसका खुलासा भी बाद में हुआ।
कादीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सत्येंद्र, रामशबद व गायत्री देवी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।