सुल्तानपुर। सराफा कारोबारी भरतजी सोनी के ज्वेलरी शोरूम में करोड़ों रुपये के आभूषणों की डकैती से जुड़े गैंगस्टर के मुकदमे में शुक्रवार को फाइनल बहस होनी थी, लेकिन अभिलेखों से जिरह के नौ पन्ने गायब होने से कार्यवाही बाधित रही।
जिला जज ने साक्षी इंस्पेक्टर धीरज कुमार से हुई जिरह के गायब नौ पन्नों का पुनर्गठन कर उन्हें पत्रावली में शामिल करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही मुकदमे की आगे की कार्यवाही बढ़ाने का निर्देश दिया। एफटीसी प्रथम/स्पेशल जज गैंगस्टर एक्ट विजय कुमार गुप्ता की अदालत ने शेष बहस के लिए 21 नवंबर की तारीख नियत की है।
अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के भवानी नगर निवासी आरोपी विपिन सिंह और सहआरोपियों सचिन सिंह, त्रिभुवन कोरी, पुष्पेंद्र सिंह, विनय शुक्ला, अरविंद यादव, दुर्गेश प्रताप सिंह, विवेक सिंह, अजय यादव, अंकित यादव, अरबाज और फुरकान के खिलाफ कोतवाली नगर के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक ने एक मई 2025 को गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी।