सुल्तानपुर। एमपी-एमएलए कोर्ट के विशेष मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत में सोमवार को पूर्व विधायक संतोष पांडेय से जुड़े दो मुकदमों में बहस की कार्रवाई बाधित रही। अदालत ने शेष बहस के लिए 20 अगस्त की तारीख तय की है। लंभुआ विधान सभा के तत्कालीन उड़न दस्ता प्रभारी संदीप सिंह ने कोतवाली देहात थाने में तीन फरवरी 2022 को विधान सभा चुनाव के दौरान सपा प्रत्याशी संतोष पांडेय व उनके समर्थकों के खिलाफ बिना पूर्व अनुमति के सरकारी विद्यालय में मीटिंग बुलाने के आरोप में पहली प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
वहीं, वादी संदीप सिंह ने संतोष पांडेय व उनके समर्थकों के खिलाफ बिना अनुमति के रोड शो निकालने के आरोप में 24 फरवरी 2022 को कोतवाली देहात थाने में दूसरी प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पहले मामले में अभियोजन पक्ष की बहस पूरी हो चुकी है,जबकि दूसरे मामले में बहस होनी शेष है। दोनों मामले एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में चल रहा है। (संवाद)