स्टेशन मास्टर की सतर्कता से बृहस्पतिवार देर रात अर्चना एक्सप्रेस बर्निंग ट्रेन बनने से बच गई। ट्रेन को आउटर पर रोककर रेल कर्मियों ने अग्निशमन यंत्र से इंजन में लगी आग पर काबू पा लिया।
जम्मू से राजेंद्र नगर (पटना) जाने वाली 12356 अर्चना एक्सप्रेस बृहस्पतिवार रात 11:19 बजे गौरीगंज रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी। अचानक स्टेशन मास्टर पंकज सिंह की नजर ट्रेन के इंजन पर पड़ी। इंजन से चिन्गारी निकल रही थी।
तत्काल स्टेशन मास्टर ने ट्रेन के चालक केएस सिद्दीकी को सूचना दी। इस पर चालक ने ट्रेन रोक दी। ट्रेन को गौरीगंज रेलवे स्टेशन के आउटर पर रोका गया। स्टेशन पर मौजूद कर्मचारी अग्निशमन यंत्रों को लेकर वहां पहुंचे और इंजन से उठ रही चिन्गारी को बुझा दिया। जांच के बाद पता चला कि इंजन में शॉर्ट सर्किट हो रहा था।
आग बुझने के 46 मिनट बाद 12:05 बजे ट्रेन को अमेठी के लिए रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरातफरी मची रही।