सुल्तानपुर। आंगनबाड़ी केंद्रों के करीब 80 हजार लाभार्थियों के लिए पुष्टाहार बनाने की मंजूरी मिल गई है। लगभग माहभर से मंजूरी के अभाव में दो इकाइयां बंद चल रही थीं। बाल विकास विभाग निदेशालय से मंजूरी मिलने के बाद ईकाइयों में उत्पादन शुरू करने की तैयारी चल रही है।
आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत लाभार्थियों का पुष्टाहार बनाने की स्वीकृति बाल विकास निदेशालय से न मिलने से दूबेपुर और धनपतगंज की इकाइयां करीब माह भर से बंद चल रही थीं। बीते दिनों बाल विकास निदेशालय ने दूबेपुर इकाई को नवंबर, दिसंबर वर्ष 2022 के करीब 41 हजार लाभार्थियों के बैकलॉग का पुष्टाहार और धनपतगंज इकाई को करीब 39 हजार लाभार्थियों के चालू वर्ष के मई और जून माह का पुष्टाहार बनाने की मंजूरी दे दी।
मंजूरी मिलने के बाद दोनों इकाइयों में पुष्टाहार बनाने की तैयारी चल रही है। मिशन प्रबंधक नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि धनपतगंज में पहले मई का पुष्टाहार बनाकर वितरित किया जाएगा। इसके बाद जून माह का वितरण होगा जबकि दूबेपुर में वर्ष 2022 के बैकलॉग का वितरण नवंबर व दिसंबर का किया जाएगा। चालू वर्ष के माह का दूबेपुर में सूखा राशन वितरण चल रहा है। मंजूरी से लाभार्थियों का पुष्टाहार मिलने का क्रम बना रहने का आसार है।