सुल्तानपुर। विधानसभा मतदाता सूची पुनरीक्षण के चलाए गए विशेष अभियान में रविवार को बूथों पर युवकों के आवेदन भराए गए। अधिकारियों के निरीक्षण में कई बूथों पर नामित कर्मचारी गैर हाजिर भी पाए गए हैं। अधिकारियों ने इसकी रिपोर्ट निर्वाचन कार्यालय को दी है।
चुनाव आयोग के निर्देश पर रविवार को जिले में विधानसभा निर्वाचक नामावली का विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया गया। बूथों पर पहुंचे नामित कर्मचारियों ने सूची में नाम बढ़ाने के लिए 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवकों से आवेदन भरवाए। विशेष अभियान में नाम संशोधन, मृतकों का नाम काटने व अन्य जगहों पर मतदाता बने लोगों का नाम काटने की प्रक्रिया भी हुई।
जिला निर्वाचन अधिकारी रवीश गुप्ता ने बूथ संख्या 321,322 प्राथमिक विद्यालय दूबेपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण में बीएलओ व सुपरवाइजर मौजूद पाए गए। डीएम ने बीएलओ को 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवकों का आवेदन भराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची शुद्ध बनाई जाय। इसके साथ ही डीएम की ओर से नामित अधिकारियों ने भी बूथों का भ्रमण कर विशेष अभियान का जायजा लिया। अधिकारियों के निरीक्षण में कई बूूथों पर बीएलओ व सुपरवाइजर गैर हाजिर मिले। अधिकारियों ने इसकी रिपोर्ट निर्वाचन कार्यालय को दी है।
निर्वाचन कार्यालय के मुुताबिक पांचों तहसीलों के बूथों पर पुनरीक्षण अभियान का कार्यक्रम चलाया गया। निर्वाचन कार्यालय ने विशेष अभियान में भराए गए विभिन्न आवेदनों की रिपोर्ट मांगी है। तहसीलों में उपजिलाधिकारियों ने बूथों का जायजा लिया।