सुल्तानपुर। विजय नारायण सिंह हत्याकांड में बृहस्पतिवार को एडीजे प्रथम संध्या चौधरी की अदालत में मामले के गवाह बृजेश नारायण सिंह हाजिर रहे। फिलहाल, उनकी गवाही आगे नहीं बढ़ सकी।
वहीं, वादी पक्ष की तरफ से मामले में क्लीन चिट पाए आरोपियों को बतौर अभियुक्त तलब करने के लिए अर्जी दी गई है। अदालत ने मामले में अगली सुनवाई के लिए 20 नवंबर की तारीख तय की है।
कोतवाली नगर के नारायनपुर निवासी सतीश नारायण सिंह ने सात अप्रैल 2024 को पल्लवी होटल के सामने भाई विजय नारायण सिंह की गोली मारकर की गई हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें अंबेडकरनगर जिले के महरुआ निवासी अजय सिंह सिलावट व दिवंगत चिकित्सक घनश्याम तिवारी की पत्नी निशा तिवारी, सह आरोपी दीपक मिश्र व अन्य को नामजद किया था।
फिलहाल, पुलिस ने मात्र अजय सिंह सिलावट के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। शेष आरोपियों को विवेचक राम विशाल सुमन ने क्लीन चिट दे दी थी। इस मामले में वादी पक्ष के साक्षियों की गवाही चल रही है। इसी दौरान वादी की तरफ से क्लीन चिट पाए आरोपियों की घटना में संलिप्तता बताते हुए उन्हें सुनवाई के लिए तलब करने की मांग की गई है। वहीं, अजय सिंह सिलावट के खिलाफ दर्ज जानलेवा हमले के एक अन्य मामले में भी सुनवाई के लिए 20 नवंबर की तारीख तय की गई है।