सुल्तानपुर। ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता में शनिवार को खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। लंभुआ में आयोजित प्रतियोगिता में भारोत्तोलन, गोला व चक्का फेंक में अमरीश अव्वल रहे। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में जयसिंहपुर व लंभुआ में प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ, जबकि प्रतापपुर कमैचा में खेलकूद का शुभारंभ किया गया।
लंभुआ में सर्वोदय इंटर कॉलेज के बगल खेल मैदान में प्रतियोगिता के दूसरे दिन गोला फेंक, चक्का फेंक, कुश्ती, फुटबॉल, बैडमिंटन प्रतियोगिता संपन्न हुई l भारोत्तोलन में अमरीश गौतम ने 81 किलो भार वर्ग में गोल्ड मेडल प्राप्त किया। उन्होंने गोला फेंक और चक्का फेंक में भी जीत दर्ज की। एथलेटिक्स में आयुषी यादव ने 400 मीटर एवं 800 मीटर दोनों में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बालक संवर्ग फुटबॉल में लंभुआ की टीम ने खुदौली को 3-1 से हराया। बैडमिंटन बालिका में खुदौली ने बाजी मारी। खंड शिक्षा अधिकारी अजय सिंह, एडीओ आईएसबी सुनील कुमार सहित आए हुए अतिथियों ने प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार वितरित किया।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी पूजा यादव ने बताया कि युवा कल्याण विभाग ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारने का कार्य कर रहा है। निर्णायक ओपी कनौजिया, नन्हकू वर्मा, राजेश, बृजेश, महेंद्र प्रताप, मनोज, संगीता, विनीता, अजीत और सर्वेश रहे।
विजेता टीम पुरस्कृत
जयसिंहपुर के अन्नपूर्णा नगर खेल मैदान में पहले दिन की शेष बची हुई प्रतियोगिता संपन्न हुई। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी प्रियंका मौर्य के नेतृत्व में दूसरे दिन की खेल प्रतियोगिता में जूनियर बालक वर्ग में श्री चंद्र इंटर कॉलेज गोसाईगंज की कबड्डी टीम विजेता रही। बालिकाओं की जूनियर वर्ग की कबड्डी में इसहाकपुर की टीम ने बाजी मारी। सीनियर वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिता में जयसिंहपुर बालकों की टीम विजेता रही। कार्यक्रम का समापन फतेहपुर संगत के प्रधान भरत राम यादव ने किया। निर्णायक राहुल जायसवाल, जयराम वर्मा रहे।
खिलाड़ियों ने दिखाया दम
प्रतापपुर कमैचा के पं.मोतीलाल नेहरू इंटर काॅलेज खेल मैदान में ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ सहायक खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार सिंह व प्रधानाचार्य डॉ. अनिल कुमार मिश्र ने किया। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी चांद मोहम्मद की अगुवाई में आयोजित प्रतियोगिता की शुरुआत बालकों की 100 मीटर दौड़ से हुई। इसमें प्रमोद निषाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिकाओं की 100 मीटर दौड़ में अलीना बानो प्रथम रहीं। जूनियर वर्ग के बालकों की 100 मीटर दौड़ में वारिस अली ने पहला स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग के 100 मीटर दौड़ में अनुज यादव प्रथम रहे। बालिकाओं में वैशाली सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। निर्णायक शैलेंद्र तिवारी, नीतीश कुमार पांडेय, रमेश तिवारी, अनुराग सिंह, धर्मेंद्र यादव रहे।