सुल्तानपुर। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बैठक रविवार को अहिमाने बाजार में हुई। इस दौरान व्यापार मंडल की कार्यकारिणी को भंग कर इसका पुनर्गठन किया गया। इसमें अमित पांडेय को प्रभारी और दिनेश अग्रहरि को सह प्रभारी मनोनीत किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि व संगठन के प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी ने कहा कि जब हम संगठित रहेंगे, तभी बलवान बनेंगे। ताकतवर और संगठित लोगों का कभी उत्पीड़न नहीं होता है। हमारा उत्पीड़न न हो, हम सुरक्षित रहें और शांति से अपना व्यापार करें, इसके लिए संगठित रहना होगा।
उन्होंने कहा कि कभी शेर और हाथी की बलि नहीं दी जाती है क्योंकि शेर और हाथी को बलि देने का प्रयास करने वाले ही बलि पर चढ़ जाते हैं। इस दौरान तहसील क्षेत्र के संगठन प्रभारी शीतला जायसवाल ने भारतीय उद्योग व्यापार मंडल अहिमाने बाजार की कार्यकारिणी को भंग कर दिया।
कार्यकारिणी का पुनर्गठन करते हुए प्रदेश महामंत्री, जिला प्रभारी रमेश अग्रहरि की सहमति पर अमित पांडेय को प्रभारी तथा दिनेश अग्रहरि को सह प्रभारी बनाया गया। इस मौके पर अजय मिश्र, रामदयाल गौतम, सुनील दुबे, हरिशंकर अग्रहरि, दिनेश अग्रहरि, महेश जायसवाल, सुधीर सोनी, रमाशंकर अग्रहरि व राकेश वर्मा मौजूद रहे।