अतिवृष्टि व ओलावृष्टि से रवी की फसल गंवा चुके जिले के किसानों को क्षतिपूर्ति के मद में शासन की ओर से तीन करोड़ रुपये और आवंटित किए गए हैं। इस तीन करोड़ को जोड़ दें तो शासन 57.66 करोड़ की मांग के सापेक्ष अब तक 33.56 करोड़ रुपये मुहैया करवा चुका है। प्राप्त धनराशि में से सभी तहसीलों को 75-75 लाख रुपये दिए जाएंगे।
रवी की फसल के दौरान जिले की तकरीबन सभी तहसीलों में हुई अतिवृष्टि व ओलावृष्टि से किसानों की गेहूं के साथ कई अन्य फसलें तबाह हो गई थीं। किसानों की परेशानी को देखते हुए जिला प्रशासन ने शासन को पत्र भेजकर 41525 हेक्टेयर फसल बर्बाद दिखाते हुए क्षतिपूर्ति देने के लिए 57 करोड़ 66 लाख 29 हजार 820 रुपये दिए जाने की मांग की थी। जिला प्रशासन का पत्र मिलने के बाद शासन बीते दिनों तक पांच-छह किस्तों में 30 करोड़ 56 लाख 64 हजार रुपये मुहैया करवा चुका था।
चूंकि प्रशासन को शासन से मांग के सापेक्ष धनराशि नहीं मिली इसलिए अधिकतर किसान अब भी मुआवजे के इंतजार में हैं। शासन ने इसी मद में जिले को तीन करोड़ रुपये और मुहैया करवाकर किसानों में वितरित करने का निर्देश दिए हैं।