सचिव का आदेश मिलने के बाद डीआईओएस कार्यालय आठ नंवबर को चकबंदी लेखपाल की परीक्षा की तैयारी में जुटा हुआ है। आयोग के आदेश पर परीक्षा के लिए जिले के 35 माध्यमिक व डिग्री कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है। डीआईओएस ने केंद्र बनाए गए कॉलेजों के प्राचार्यो को पत्र लिखकर आवंटित छात्रों के बैठने की व्यवस्था करने का आदेश दिया है। चयन परीक्षा 20,210 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के आदेश पर बीते दिनों चकबंदी लेखपाल की भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। आवेदन की डेडलाइन बीतने के बाद अब सचिव के आदेश पर जिला प्रशासन चयन प्रक्रिया की लिखित परीक्षा संपन्न कराने की कवायद में जुटा है।
सचिव ने डीआईओएस को पत्र जारी कर आठ नवंबर 2015 को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के लिए केंद्रों का निर्धारण करते हुए आवंटित अभ्यर्थियों की बैठने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। सचिव का आदेश मिलने के बाद डीआईओएस डॉ. ओमप्रकाश मिश्र ने जिले में 35 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा में कुल 20,210 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। सभी कॉलेज प्राचार्यों को पत्र भेजकर परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था करने को कहा गया है।