सहालग के मौसम में दो बड़ेे नोटों पर पाबंदी से जनता बेहाल हो गई है। खर्च के लिए 1000 व 500 सौ नोट रखने वाले लोग सभी कार्य छोड़कर नोट बदलने व जमा करने के लिए सुबह से ही टूट पड़े हैं। लगातार पांच दिनों से नोट बदलने एवं जमा निकासी की चल रही प्रक्रिया के बाद भी सीमित छूट ने लोगों को परेशान करके रख दिया है।
लोगों की जरूरतें अभी पूरी नहीं हो सकी हैं। इस बीच सोमवार को गुरु नानक जयंती पर बैंक बंदी के साथ एटीएम ने धोखा दे दिया। केवल एसबीआई के एटीएम चलते रहे और शाम तक वे भी जवाब दे गए। दिन भर कतार में लगने के बाद नोट नहीं मिलने से लोगों में खासा रोष रहा।
गुुरुनानक जयंती पर सोमवार को छुट्टी की वजह से सभी बैंक बंद रहे। बैंक बंद होने से धन निकासी के लिए लोग सभी कार्य छोड़कर सुबह से ही एटीएम पर टूट पड़े। एटीएम पर सुबह पहुंचने वाले लोगों को एसबीआई छोड़कर सभी बैंकों ने दिया। बैंक ऑफ बड़ौदा, इलाहाबाद बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, इंडियन ओवरसीज समेत सभी बैंकों के एटीएम बंद रहने से भीड़ एसबीआई एटीएम की ओर टूट पड़ी।
शहर में एसबीआई के सभी एटीएम पर लंबी कतार लग गई। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया कतार बढ़ती गई। लगातार निकासी से शाम को पैसा खत्म होने से एसबीआई के भी कुछ एटीएम भी दगा दे गए। दिन भर कतार में लगने के बाद सैकड़ों लोग पैसा नहीं पा सके। पैसा नहीं मिलने से लोगों में खासा रोष रहा।