सुल्तानपुर। सप्ताह भर बाद रविवार को हुई झमाझम बारिश से खेत-खलिहान लबालब हो गए। शहर से लेकर गांवों तक नालियां उफनाने से घरों, दुकानों और बेसमेंट में पानी घुस गया। दोस्तपुर नगर पंचायत में लोगों को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। जिले में सुबह से शाम चार बजे तक रिमझिम बारिश जारी रही।
बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई, लेकिन दुकानों व बेसमेंट में पानी भरने से लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। भोर चार बजे शुरू हुई दो घंटे की मूसलाधार वर्षा से सूखे खेत भर गए। जिससे धान की रोपाई के लिए अनुकूल माहौल बना। किसान रामलखन यादव, शिवप्रसाद वर्मा, हरिनाम सिंह और राजेश पांडेय ने बताया कि जुलाई के पहले पखवाड़े में बारिश की कमी से खेत सूख रहे थे। धान की बेहन प्रभावित हो रही थी, पर अब फसलों को नई संजीवनी मिली है। किसानों को रोपाई में तेजी और बेहतर पैदावार की उम्मीद है। मौसम विज्ञानी भूपेंद्र सिंह पटेल ने रविवार को अधिकतम तापमान 28.6 और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। जिले में 62.7 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। आगामी 24 घंटे के दौरान मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
व्यापारियों को भारी नुकसान
बभनैया से मंजूषा नदी तक जाने वाले मुख्य नाले की सफाई के बाद भी पानी ऊपर से बहा। इससे रामजीत गौतम और रमपत्ती देवी सहित कई परिवारों के घरों में पानी घुस गया। अस्पताल रोड, राइन मोहल्ला और अन्य इलाकों की सड़कें तालाब में बदल गईं। नगर पंचायत कर्मियों ने जेसीबी से पानी निकाला। जलभराव से बऊदी ताल से करीब 50 हजार रुपये की मछलियां बह गईं। विश्वनाथ बरनवाल के किराना गोदाम में पानी घुसने से चीनी, दाल, मसाले सहित एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ, वहीं अमरनाथ बरनवाल, गुड्डू गारमेंट, अनिल कुमार और राजकुमार सोनकर सहित कई व्यापारियों के हजारों रुपये के सामान खराब हुए।
उफनाए नाले-नाली डूब गए फर्नीचर
दोस्तपुर। रविवार भोर से दो घंटे की मूसलाधार बारिश ने दोस्तपुर नगर पंचायत की जल निकासी व्यवस्था उजागर कर दी। नालों और नालियों का पानी सड़कों से घरों, दुकानों और सरकारी परिसरों में घुस गया। अस्पताल रोड स्थित किराना कारोबारी विश्वनाथ बरनवाल के बेसमेंट में लाखों रुपये का सामान खराब हो गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओटी तक पानी पहुंचा और ब्लॉक परिसर जलमग्न हो गया। लोगों ने आरोप लगाया कि हाल ही में बनी सीसी सड़क और ऊंची नालियों ने पानी की निकासी बाधित की। (संवाद)
अमहट मंडी में सफाई व्यवस्था की खुली पोल
अमहट। बारिश ने अमहट सब्जी मंडी की बदहाल सफाई व्यवस्था उजागर की। मंडी परिसर में जलभराव और जाम नालियों से व्यापारियों व ग्राहकों को भारी परेशानी हुई। फल एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष मोहम्मद शमीम लईया ने बताया कि करीब पांच माह से सफाई का टेंडर लंबित है, जिससे पहले के 12 के बजाय अब चार-पांच मजदूर ही काम कर रहे हैं। सब्जी व्यापारी भैयाराम मौर्य ने सफाईकर्मियों की छुट्टी को जलभराव का कारण बताया। आढ़ती बाबूराम सोनकर ने मंडी कार्यालय के पास की नालियां महीनों से जाम होने की बात कही। व्यापारियों ने उप जिलाधिकारी से औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था की जांच और लंबित टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की है। (संवाद)