लंभुआ (सुल्तानपुर)। क्षेत्र के अर्जुनपुर में स्थित पेट्रोल पंप पर बृहस्पतिवार की रात एक ट्रक चालक 18 हजार रुपये का डीजल भरवाकर भागने लगा।
पेट्रोल पंप पर मौजूद युवक ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने उसे कुचलने का प्रयास किया। सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने ट्रक को रोककर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया।
यह घटना सूर्यभान पट्टी निवासी श्रीपाल चौरसिया के अर्जुनपुर गांव स्थित पेट्रोल पंप पर हुई। बृहस्पतिवार की रात श्रीपाल का बेटा अनुराग पंप पर मौजूद था। एक ट्रक के चालक ने 18 हजार तीन सौ छह रुपये का डीजल वाहन में भरवाया।
तेल भरवाने के बाद ट्रक का चालक वाहन लेकर जाने लगा तो अनुराग ने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि ट्रक चालक ने अनुराग को कुचलने का प्रयास किया और ट्रक लेकर फरार हो गया।
पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को लंभुआ रेलवे स्टेशन से पहले ही पकड़ लिया।
लंभुआ कोतवाल सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि पेट्रोल पंप मालिक श्रीपाल चौरसिया की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।