गोसाईगंज (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव में मदारी का खेल देखने निकले मासूम का शव पोस्टमॉर्टम के बाद बृहस्पतिवार रात घर पहुंचा। पोेस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।
शुक्रवार को परिवारजन ने मासूम की हत्या करने का आरोप लगा शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। जयसिंहपुर तहसीलदार को छह सूत्री मांग पत्र परिवारजन ने दिया। मांगे पूरी किए जाने के आश्वासन के बाद घरवाले अंतिम संस्कार को राजी हुए।
गोसाईगंज के अर्जुनपुर गांव में मंगलवार को मदारी का खेल देखने निकले चार साल के मासूम अमतेश की मौत के प्रकरण में शुक्रवार को परिवारजन ने शव के अंतिम संंस्कार से इन्कार कर दिया। अमतेश की मां पूजा ने आरोप लगाया कि बेटे को मारकर फेंक दिया गया। उन्होंने गांव के एक युवक पर हत्या का संदेह जताया और उसकी गिरफ्तारी होने के बाद ही बच्चे का अंतिम संस्कार करने की बात कही।
तहसीलदार जयसिंहपुर मयंक मिश्र सहित कई पुलिस अधिकारी उन्हें व परिवार के अन्य सदस्यों को समझाने में जुटे रहे। दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे घरवाले बच्चे का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए। बच्चे के घरवालों ने आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी दिलाने सहित कई अन्य मांगें अधिकारियों के सामने रखीं। तहसीलदार ने नियमानुुसार मांगे पूरी किए जाने का आश्वासन दिया। इसके मासूम अमतेश का अंतिम संस्कार मोतिगरपुर के पास पापरघाट पर किया गया।