वेतन व एरियर का भुगतान न होने पर आक्रोशित समायोजित शिक्षकों ने धरना दिया। धरने के बाद प्रमुख सचिव एवं जिलाधिकारी को मांग से संबंधित पांच सूत्री ज्ञापन भी सौंपा। जिले में करीब 1700 शिक्षकों के एरिअर बकाया का भुगतान न होने पर समायोजित शिक्षक बृहस्पतिवार को तिकोनिया पार्क में धरने पर बैठ गए।
शिक्षामित्र के दोनों संगठनों के नेता एक होकर धरने में शामिल हुए। इसी दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का प्रमुख सचिव हेमंतराव द्वारा निरीक्षण की खबर पर शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलने पहुंचा। यहां शिक्षकों के ज्ञापन को प्रमुख सचिव ने जिलाधिकारी को सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई की बात कही।
शाम को उप जिलाधिकारी सदर ने लेखाधिकारी ज्ञानेंद्र पांडेय से 22 फरवरी तक समस्त देयकों का भुगतान करने का लिखित आश्वासन दिया। लेखाधिकारी ने इसके लिए चार अतिरिक्त लेखाकारों की मांग की जिसे एसडीएम ने स्वीकार करते हुए चार लेखाकार को संबद्ध कराने का आदेश दिया।
इस मौके पर आदर्श शिक्षा मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्रा, महामंत्री प्रदीप यादव, मीडिया प्रभारी सुतीक्ष्ण तिवारी, उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार पांडेय, महामंत्री पवन कुमार, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिलीप पांडेय मौजूद रहे।